एसपी सुमित कुमार के निर्देश पर पूरे जिले में विशेष सुरक्षा व्यवस्था, बाजारों और होलिका दहन स्थलों पर पुलिस तैनात
जनता तो पूछेगी , भगवत कौशिक।भिवानी : होली और फाग के त्योहार को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस भिवानी ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार (IPS) के निर्देशन में पूरे जिले में विशेष पुलिस व्यवस्था लागू की गई है, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में 32 संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान कर वहां विशेष पुलिस नाके लगाए गए हैं। इन नाकों के माध्यम से पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।जिले में जहां-जहां होलिका दहन के कार्यक्रम आयोजित होंगे, उन सभी स्थानों पर भी पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्यक्रम स्थलों पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करें।
इसके अलावा सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों, धर्मशालाओं, बाजारों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त और पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित क्षेत्रों के पर्यवेक्षण अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखेंगे।जिले में तैनात राइडर, पीसीआर और ईआरवी टीमों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते हुए भीड़-भाड़ वाले स्थानों तथा होली कार्यक्रम स्थलों पर कानून व्यवस्था बनाए रखें।त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों और ट्रैफिक प्वाइंटों पर यातायात पुलिस कर्मचारियों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्गा शक्ति टीम और महिला पीसीआर को भी बाजारों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से तैनात किया गया है।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान तेज आवाज में साइलेंसर बजाने, हुड़दंग करने तथा बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।साथ ही सीआईए स्टाफ प्रथम, सीआईए स्टाफ द्वितीय, डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू और स्पेशल स्टाफ ईशरवाल को भी अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों और हुड़दंग करने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने जिले के सभी नागरिकों को होली और फाग के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि सभी लोग आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाएं। किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए आमजन डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Bhiwani Police NewsHoli Security BhiwaniBhiwani Police ArrangementHaryana Police Holi AlertSP Sumit Kumar BhiwaniBhiwani Latest News
