JPH NEWS HARYANA : हरियाणा में सड़क मार्ग से सफर करना अब पहले से महंगा हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने राज्य के कई टोल प्लाजा पर टोल दरों में बढ़ोतरी कर दी है। करनाल, कुरुक्षेत्र, हिसार और झज्जर समेत कई टोल प्लाजा पर नई रेट लिस्ट लागू हो चुकी है और मंगलवार रात से बढ़ी हुई दरों के अनुसार टोल वसूला जा रहा है।करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप मलिक ने बताया कि NHAI के निर्देश पर पूरे देश में टोल दरों में संशोधन किया गया है। अब कार और जीप के लिए एक तरफ का टोल 200 रुपये और आने-जाने का 295 रुपये कर दिया गया है। वहीं, 7 एक्सल वाहनों का मासिक पास 42,575 रुपये का होगा। स्थानीय वाहन मालिकों के लिए मासिक पास की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।
बसताड़ा टोल पर कार का एक तरफ का टोल महज तीन महीने में 185 रुपये से बढ़कर 200 रुपये पहुंच गया है। इसी तरह मिनी बस जैसे हल्के व्यावसायिक वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 320 रुपये और ट्रक-बस के लिए 670 रुपये तय किया गया है।कुरुक्षेत्र के पिहोवा स्थित थाना टोल प्लाजा पर भी तीन महीने में दूसरी बार टोल दरों में बदलाव किया गया है। यहां हल्के और भारी व्यावसायिक वाहनों के टोल में 25 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि कार और जीप की दरों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया।हिसार के रामायण टोल प्लाजा पर भी नई दरें लागू कर दी गई हैं। यहां कार, बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों के टोल में 5 से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।वहीं, झज्जर के रोहद स्थित मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर भी वाहन चालकों को अब अधिक टोल शुल्क देना होगा। हालांकि टोल से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय वाहन मालिकों के लिए 360 रुपये का मासिक पास पहले की तरह जारी रहेगा।
