हरियाणा बोर्ड परीक्षाओं के निष्पक्ष संचालन हेतु सख्त निर्देश जारी

संवाददाता | JPH NEWS HARYANA
भिवानी, 20 फरवरी 2026।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HSEB), भिवानी द्वारा फरवरी/मार्च-2026 में आयोजित होने वाली सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी वार्षिक परीक्षाओं के नकल-मुक्त, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता, अनुशासन तथा परीक्षाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करना रहा।

बोर्ड अधिकारियों के अनुसार वार्षिक परीक्षाएं 25 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। इन परीक्षाओं का आयोजन प्रदेश के लगभग 1420 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा, जिनमें करीब 5,71,767 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

नकल के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा सहायता प्रदान करने वालों के खिलाफ “शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance)” की नीति अपनाई जाएगी। सभी विद्यार्थियों को तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।

परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में अनावश्यक रूप से घूमते पाए जाने या नकल करवाने में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा आवश्यकतानुसार धारा-163 लागू की जाएगी।

325 फ्लाइंग स्क्वॉड करेंगे लगातार निगरानी

नकल रोकने के लिए बोर्ड द्वारा लगभग 325 फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं, जो सभी परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे। इन टीमों में बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी तथा प्रशासनिक प्रतिनिधि शामिल रहेंगे।

शिक्षकों व अधिकारियों की भूमिका अहम

बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षाओं को नकल-मुक्त संचालित करना बोर्ड की प्राथमिकता है और इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारियों एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते हुए परीक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना होगा।

विशेष कंट्रोल रूम व निरीक्षण व्यवस्था लागू

परीक्षाओं की निगरानी के लिए विभिन्न स्तरों पर विशेष उड़नदस्ते, कंट्रोल रूम तथा निरीक्षण दल बनाए गए हैं। परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बोर्ड ने विश्वास व्यक्त किया है कि इन सख्त व्यवस्थाओं के माध्यम से परीक्षाएं निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न होंगी।


📢 सटीक और विश्वसनीय खबरों के लिए विजिट करें:
🌐 Website: www.jphnewsharyana.in.net
📞 Contact / WhatsApp: 8287373090

👉 JPH NEWS HARYANA — जनता तो पूछेगी

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!