हरियाणा राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज ::16 मार्च को होगा मतदान, दावेदारों की लिस्ट में कुलदीप बिश्नोई सबसे आगे

जनता तो पूछेगी, भगवत कौशिक। चंडीगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि मतदान के बाद उसी शाम मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।प्रदेश की राजनीति में इस घोषणा के साथ ही सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से संभावित उम्मीदवारों में कुलदीप बिश्नोई का नाम प्रमुखता से चर्चा में है।

पूर्व का सियासी परिदृश्यराम

चंद्र जांगड़ा मार्च 2020 में निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। उनका कार्यकाल 10 अप्रैल 2020 से 9 अप्रैल 2026 तक है।किरण चौधरी 27 अगस्त 2024 को उपचुनाव के माध्यम से राज्यसभा पहुंचीं।यह सीट दीपेंद्र हुड्डा के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। हुड्डा रोहतक से लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद राज्यसभा से त्यागपत्र दे चुके थे।

विधानसभा का गणित

हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 31 मत आवश्यक हैं।कांग्रेस के पास 37 विधायक व भाजपा के पास 48 विधायक हैं, वहीं भाजपा को 3 निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी प्राप्त है।संख्या बल के आधार पर एक-एक सीट भाजपा और कांग्रेस के पक्ष में जाती दिख रही है। हालांकि, राजनीतिक सूत्रों के अनुसार भाजपा दूसरी सीट के लिए भी रणनीति बना रही है। इसके लिए क्रॉस वोटिंग की संभावना पर चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

महत्वपूर्ण तिथियां

5 मार्च – नामांकन की अंतिम तिथि

16 मार्च – मतदान

16 मार्च (शाम) – मतगणना व परिणाम

राज्यसभा चुनाव अप्रत्यक्ष मतदान प्रणाली से होते हैं, किंतु इनके परिणाम प्रदेश की राजनीतिक दिशा और दलों की रणनीति पर व्यापक प्रभाव डालते हैं। अब सभी दलों की नजरें नामांकन प्रक्रिया और अंतिम प्रत्याशियों की घोषणा पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!