जनता तो पूछेगी,भगवत कौशिक।भिवानी : समाजसेवा की भावना को साकार करते हुए आज बाबा पंचपीर गौशाला में एम्स बाड़सा की टीम के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन गांव बापौड़ा, बीरण और दांग खुर्द के ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से किया गया, जिसमें 41 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर का शुभारंभ गौशाला प्रधान पवन शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं बैज प्रदान कर सम्मानित किया तथा कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे सरल और महान माध्यम है। उन्होंने बताया कि यह शिविर बाबा पंचपीर गौशाला के सहयोग से पहली बार आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों का विशेष सहयोग देखने को मिला।
रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने कहा कि रक्तदान से बड़ी कोई सेवा नहीं है और प्रत्येक युवा को इस पुनीत कार्य में आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि इससे रक्तदाता स्वयं भी स्वस्थ रहता है। नियमित रक्तदान से ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है, हृदय रोगों का जोखिम कम होता है तथा मानसिक तनाव से भी राहत मिलती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे हर तीन महीने में स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज में जागरूकता फैलाएं।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने भाग लेकर सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया। आयोजन को सफल बनाने में गौशाला समिति, ग्राम प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का विशेष योगदान रहा।रक्तदान शिविर ने क्षेत्र में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणादायी संदेश दिया तथा युवाओं को समाजहित में आगे आने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर गौशाला प्रधान पवन शर्मा, जिला पार्षद मोनू सरपंच सुग्रीव सिंह, सरपंच सुल्तान सिंह, सरपंच राजेन्द्र सिंह,डॉ सतपाल, नरेंद्र, मुकेश, जयप्रकाश शर्मा, सीटू, कपिल ,इमरान, वरुण बजरगी, गोपाल देवसर नागेंदर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
