जनता तो पूछेगी, भगवत कौशिक।भिवानी : वैद्य मंगत राम फाउंडेशन, भिवानी द्वारा आज हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रांगण स्थित सर्वेपल्ली राधाकृष्णन लैब विद्यालय में ‘युवा प्रतिभा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में भिवानी जिले के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सत्र 2024-25 की CBSE और हरियाणा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।
शिक्षा जगत में आएगा बड़ा बदलाव: डॉ. पवन
कुमारकार्यक्रम के मुख्य अतिथि, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) पवन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर अत्यंत गंभीर है।आगामी सत्र से प्रदेश के विद्यालयों में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। गुरुकुल पद्धति के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय ग्रंथों और साहित्य में छिपी वैज्ञानिक व तार्किक शिक्षा से अवगत कराया जाएगा।
समाज सेवा और प्रोत्साहन की अनूठी पहल
समिति के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस सुरेश कुमार गोयल ने फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों का विवरण साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य है कि आप केवल शिक्षित न बनें, बल्कि IAS, IPS और वैज्ञानिक जैसे उच्च पदों पर आसीन होकर देश व समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।”कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएसपी भिवानी अनूप कुमार ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मदन वैद्य और एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष वीरेंद्र बड़गुज्जर उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य आकर्षण
जिले के विभिन्न स्कूलों के 24 मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके प्राचार्यों और शिक्षकों को भी उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में समिति के सचिव श्री नौरंग लाल गोयल, श्रीमती राजबाला गोयल, श्रीमती डिंपल सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।समारोह के अंत में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने वैद्य मंगत राम फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को छात्र हित में एक सराहनीय कदम बताया।
