जनता तो पूछेगी, मिंटू सैनी। भिवानी : हरियाणा के भिवानी जिले से दिल्ली ड्यूटी के लिए निकले 22 वर्षीय रेलवे कर्मचारी आदित्य का शव दो दिन बाद नहर से बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने मृतक के दोस्तों पर पार्टी के बहाने बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है।ड्यूटी पर जाने की कहकर निकला था घर सेमृतक के भाई ऋतिक ने बताया कि 18 फरवरी की शाम करीब साढ़े 7 बजे आदित्य स्कूटी पर दिल्ली ड्यूटी के लिए घर से निकला था। अगले दिन सुबह जब उससे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। रेलवे कार्यालय में संपर्क करने पर पता चला कि वह ड्यूटी पर पहुंचा ही नहीं था।परिजनों ने दोस्तों से जानकारी ली तो बताया गया कि आदित्य ने दोस्तों के साथ पार्टी की थी और नहर में गिर गया। परिवार का आरोप है कि यह महज हादसा नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है।
पिता थे नेशनल गेम्स के डिसकस थ्रो खिलाड़ी
आदित्य के पिता राष्ट्रीय स्तर के डिसकस थ्रो खिलाड़ी रह चुके थे और नेशनल गेम्स में भाग ले चुके थे। वे खेल कोटे से रेलवे में कार्यरत थे। खेल के दौरान लगी चोट के बाद उन्हें कैंसर हो गया था, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा आधार पर आदित्य को रेलवे में नौकरी मिली थी।मृतक के दादा भी भिवानी स्थित Sports Authority of India (SAI) के हॉस्टल में मैनेजर रह चुके हैं। परिवार का खेल जगत से पुराना जुड़ाव रहा है।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज करने में गंभीरता नहीं दिखाई और पहले आरोपित पक्ष की बात सुनी। बाद में उन्हें युवक के शव मिलने की सूचना दी गई। आक्रोशित परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया और न्याय नहीं मिलने पर रोड जाम की चेतावनी दी है।परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन
सदर थाना के एसएचओ उग्रसेन ने बताया कि युवक का शव नहर से बरामद हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
