एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में पानीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-40 से 502 पेटी अवैध शराब बरामद, सीआरपीएफ की वर्दी में दो तस्कर गिरफ्तार

नकली आईडी कार्ड और ‘पुलिस’ लिखे नीले कैंटर का इस्तेमाल कर रहे थे तस्कर, शराब बिहार ले जाने की थी तैयारी

जनता तो पूछेगी , संवाददाता। पानीपत : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में पानीपत पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-40 की पार्किंग से अवैध शराब से भरा एक कैंटर पकड़ा है। कैंटर से कुल 502 पेटी अवैध शराब और बीयर बरामद की गई है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की वर्दी पहनकर पुलिस को धोखा देने की कोशिश कर रहे थे।पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोनू पुत्र सतपाल निवासी खोजकीपुर और संदीप पुत्र सुखबीर निवासी आटा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नीले रंग के उस कैंटर में बैठे थे, जिसके आगे ‘पुलिस’ लिखा हुआ था।गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाईउप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सतीश वत्स ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम को बुधवार सुबह गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-40 की पार्किंग में एक नीले रंग का कैंटर खड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है और उसमें दो व्यक्ति अर्धसैनिक बल की वर्दी में मौजूद हैं।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर अरविंद डागर को साथ लेकर मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कैंटर के अंदर बैठे दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से राजिंद्र सिंह और सुखविंद्र सिंह नाम के सीआरपीएफ के नकली पहचान पत्र बरामद हुए, जिन पर CT/GD (सिपाही जनरल ड्यूटी) अंकित था।पूछताछ में आरोपियों ने अपने असली नाम बताए और स्वीकार किया कि वे पुलिस से बचने के लिए सीआरपीएफ की वर्दी पहनकर और नकली आईडी कार्ड बनवाकर अवैध शराब की तस्करी करते थे।

502 पेटी शराब व बीयर बरामद

कैंटर की तलाशी लेने पर पीछे से तिरपाल हटवाकर डाला खुलवाया गया, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब की पेटियां मिलीं। गिनती करने पर 35 पेटी मैकडॉवेल्स, 181 पेटी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब और 286 पेटी थंडरबोल्ट बीयर बरामद हुई। आरोपियों के पास शराब का कोई परमिट या लाइसेंस नहीं मिला।

पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी शराब

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह अवैध शराब पंजाब के पटियाला से बिहार तस्करी के लिए लेकर जा रहे थे। इसके बदले उन्हें 25-25 हजार रुपये मिलते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले भी इसी प्रकार तस्करी कर चुके हैं और अर्धसैनिक बल की वर्दी व पुलिस जैसे दिखने वाले कैंटर का इस्तेमाल कर जांच से बचते रहे।

पांच दिन के पुलिस रिमांड पर

आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में बीएनएस की धारा 318(4), 319, 336(3), 338, 340(2) और एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों का पता लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!