जींद में टकराए सुर और सत्ता : मासूम शर्मा को पूर्व सरपंच की खुली चुनौती पैसे से कहीं भी बुलाए जा सकते हैं कलाकार दम है तो पंच का चुनाव जीतकर दिखाओ

जनता तो पूछेगी, भगवत कौशिक।जींद : हरियाणा के प्रसिद्ध गायक मासूम शर्मा और मुआना गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा के बीच हुआ मंचीय विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान शुरू हुई कहासुनी के बाद पूर्व सरपंच ने मीडिया के सामने आकर गायक पर गंभीर आरोप लगाए और उन्हें पंच का चुनाव लड़ने की चुनौती दी।

पारिवारिक समारोह में शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, ब्राह्मणवास निवासी मासूम शर्मा की बहन कविता शर्मा की शादी मुआना गांव निवासी धर्मबीर उर्फ धरमू से हुई है। उनकी 25वीं शादी की सालगिरह के अवसर पर सफीदो रोड स्थित दीप पैलेस में पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें गांव और परिवार के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा मंच पर मौजूद थे। इसी बीच मासूम शर्मा वहां पहुंचे और मंच खाली करने को कहा। पूर्व सरपंच का आरोप है कि इस दौरान गायक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और चुने हुए जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की।

जनता का विश्वास जीतकर दिखाएं” — पूर्व सरपंच

मीडिया से बातचीत में राजेंद्र शर्मा ने कहा कि वे जनता के चुने हुए प्रतिनिधि रह चुके हैं और यदि गायक को अपने प्रभाव पर इतना भरोसा है तो वे गांव में पंच या मेंबर का चुनाव लड़कर जीतकर दिखाएं। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि कलाकारों को पैसे देकर बुलाया जा सकता है, लेकिन जनता का विश्वास हासिल करना आसान नहीं होता।

नशे और हाथापाई के आरोप

पूर्व सरपंच ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान गायक नशे की हालत में थे, जिससे विवाद बढ़ा। उन्होंने दावा किया कि गायक के एक बाउंसर ने उनके छोटे भाई के साथ हाथापाई की। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों ने संयम बरता और कार्यक्रम को बिगड़ने से बचाया।

पुराने संबंधों का भी जिक्र

राजेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने अतीत में कई मौकों पर गायक की मदद की थी, यहां तक कि एक कानूनी मामले में भी बीच-बचाव किया था। उन्होंने गायक के भाई विकास शर्मा के व्यवहार की सराहना करते हुए उसे संतुलित बताया।महापंचायत की चेतावनीपूर्व सरपंच ने स्पष्ट किया कि फोन पर माफी स्वीकार नहीं की जाएगी। गायक को गांव में आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी। अन्यथा, जींद में हरियाणा के सरपंचों, जिला पार्षदों और 36 बिरादरी की महापंचायत बुलाई जाएगी।फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से बयानबाजी जारी है और मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!