कांग्रेस की घोषणाएं डस्टबिन में जाती थीं, हम निभा रहे हर वादा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

जनता तो पूछेगी, भगवत कौशिक।भिवानी : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को तोशाम की धरती से विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए विकास का नया रोडमैप पेश किया। ‘उन्नत सिंचाई उत्सव 2026’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में घोषणाएं केवल ‘डस्टबिन’ की शोभा बढ़ाती थीं, जबकि बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने पिछले डेढ़ साल में ही अपने संकल्प पत्र के 217 में से 60 वादे पूरे कर दिए हैं।

107 करोड़ की सौगात और विकास का नया अध्याय

​मुख्यमंत्री ने तोशाम क्षेत्र के लिए 107 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए 33 KV सब-स्टेशन, स्कूल भवन और गरवा गांव में 76 करोड़ की लागत से बनने वाला एक्वा पार्क प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि तोशाम को औद्योगिक हब बनाने के लिए IMT (Industrial Model Township) का काम तेजी से आगे बढ़ेगा और इसके लिए अगले एक सप्ताह में ई-भूमि पोर्टल खोल दिया जाएगा।

युवाओं और किसानों के लिए बड़े ऐलान

  • 2500 नए पटवारी: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 2500 पटवारियों की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है और एक सप्ताह के भीतर उनकी तैनाती कर दी जाएगी, जिससे राजस्व कार्य में तेजी आएगी।
  • फसल खरीद: किसानों को आश्वस्त करते हुए सीएम ने कहा कि 28 मार्च से सरसों की खरीद शुरू हो चुकी है और 1 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। अब तक 1.64 लाख करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं।
  • बिजली वितरण: किसानों के लिए ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ नाम से तीसरी बिजली कंपनी बनाने का निर्णय लिया गया है।

विपक्ष की ‘अफवाह’ पर कड़ा जवाब

​पेट्रोल-डीजल और गैस की किल्लत की खबरों को मुख्यमंत्री ने सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा, “हरियाणा के 4,032 पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक है। विपक्ष केवल जनता को गुमराह कर रहा है। हमने कालाबाजारी रोकने के लिए FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।”

बंसीलाल के सपनों को साकार कर रही सरकार

​कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी और कैबिनेट मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने भी शिरकत की। श्रुति चौधरी ने बताया कि हरियाणा सरकार नहरों के नवीनीकरण (Re-modeling) पर 5700 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। किरण चौधरी ने मुख्यमंत्री सैनी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे स्व. चौधरी बंसीलाल के नक्शेकदम पर चलते हुए पूरे हरियाणा का समान विकास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!