दक्षिण हरियाणा बिजली निगम का बड़ा फैसला : 3 नए सर्कल, 24 डिवीजन और 78 सब-डिवीजन बनेंगे

जनता तो पूछेगी, भगवत कौशिक।हिसार/चंडीगढ़ : दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने उपभोक्ताओं को बेहतर और त्वरित बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़े स्तर पर प्रशासनिक पुनर्गठन का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत निगम क्षेत्र में 3 नए ऑपरेशन सर्कल, 24 ऑपरेशन डिवीजन और 78 सब-डिवीजन स्थापित किए जाएंगे।डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह की स्वीकृति के बाद इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह निर्णय संशोधित स्टाफिंग नॉर्म्स, बढ़ती उपभोक्ता संख्या और कार्यक्षेत्र के विस्तार को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

कई जिलों में होगा विस्तार

निगम के अनुसार यह पुनर्गठन दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में बिजली सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। इनमें फतेहाबाद, सिरसा, हिसार, हांसी, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, गुरुग्राम, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ शामिल हैं।नई योजना के तहत हांसी, नूंह और चरखी दादरी जिला मुख्यालयों में तीन नए ऑपरेशन सर्कल स्थापित किए जाएंगे।

इन क्षेत्रों में बनेंगे नए डिवीजन

नए प्रस्तावित डिवीजनों में प्रमुख रूप से शामिल हैं—

गुरुग्राम सर्कल-1: सिटी-2 और पटौदी

गुरुग्राम सर्कल-2: साउथ सिटी और बादशाहपुर

हिसार: बरवाला और कैंट

फतेहाबाद: भुना और रतिया

सिरसा: ओढां और रानियां

भिवानी: तोशाम और बाढड़ा

जींद: सब अर्बन जींद और सब अर्बन नरवाना

फरीदाबाद: एनआईटी-2, ओल्ड-2, ग्रेटर-2 और बल्लभगढ़ डिवीजन-2

पलवल: सब अर्बन पलवल, हथीन और पुन्हाना

रेवाड़ी: सब अर्बन रेवाड़ी

नारनौल: डिवीजन-2 और अटेली

इन प्रस्तावित डिवीजनों में से बाढड़ा, पटौदी, बादशाहपुर और सब-अर्बन रेवाड़ी डिवीजन का गठन पहले ही किया जा चुका है। वहीं 78 प्रस्तावित सब-डिवीजनों में से 34 का गठन भी हो चुका है।

उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ

डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि इस पुनर्गठन से बिजली उपभोक्ताओं को कई स्तर पर लाभ मिलेगा।इससे शिकायत निवारण प्रक्रिया तेज होगी।बिलिंग व्यवस्था बेहतर होगी।बिजली लाइनों के रखरखाव में सुधार आएगा।नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया तेज होगी।साथ ही बिजली वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा लाइन लॉस कम करने में भी मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से शेष सर्कल, डिवीजनों और सब-डिवीजनों का गठन भी जल्द पूरा किया जाएगा।

Haryana ElectricityDHBVN NewsHaryana Power NewsElectricity Department HaryanaHaryana Government NewsPower Distribution HaryanaGurugram Power DivisionHisar Power NewsBhiwani Electricity News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!