जनता तो पूछेगी, भगवत कौशिक।भिवानी : मानव जीवन को बचाने में रक्तदान की भूमिका अतुलनीय है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प आज तक उपलब्ध नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए। यह विचार हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन के सर्कल सचिव मनोज बल्लु बामला ने स्थानीय ब्लड बैंक में युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए व्यक्त किए।उन्होंने कहा कि मानव शरीर का रक्त ही किसी अन्य जरूरतमंद व्यक्ति में खून की कमी को पूरा कर सकता है। रक्तदान से बढ़कर कोई दूसरा मानव धर्म नहीं है।

इस अवसर पर शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने कहा कि रक्तदान एक महादान है। नियमित अंतराल पर रक्तदान करने से व्यक्ति स्वस्थ रहता है तथा समाज में मानवता की मिसाल कायम होती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं रक्तदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।मौसमी बुखार के बढ़ते प्रकोप के बीच दो अलग-अलग मरीजों के लिए दो यूनिट ओ-नेगेटिव फ्रेश ब्लड की आवश्यकता पड़ी। सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड के कर्मचारी अनिल कुमार तथा गौरव शर्मा ने ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया। वहीं दूसरे मामले में गुलशन और जोगिंदर ने भी रक्तदान कर जरूरतमंदों की जान बचाने में योगदान दिया।इस दौरान ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन मोहित, केशव और अक्षय भी उपस्थित रहे।

blood donation, O negative blood, Bhiwani news, Haryana news, save life, blood bank, Rajesh Dudeja, youth inspiration, health emergency, seasonal fever
