जेपीएच न्यूज हरियाणा, संवाददाता ।भिवानी : देश सेवा का जज्बा रखने वाले होनहार छात्र-छात्राओं के लिए देहरादून स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय (RIMC) में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रक्षा मंत्रालय के ‘श्रेणी-क’ प्रशिक्षण संस्थान RIMC ने जुलाई 2026 सत्र की कक्षा 8वीं में प्रवेश के लिए देशभर के योग्य बालकों और बालिकाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
7 जून को होगी चयन परीक्षा
सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनवरी 2027 सत्र के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 7 जून 2026 (रविवार) को देश के चुनिंदा केंद्रों पर किया जाएगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
क्या है पात्रता और योग्यता?
आयु सीमा : उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2027 को 11.5 वर्ष से कम और 13 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। (अर्थात जन्म 2 जनवरी 2014 से 1 जुलाई 2015 के बीच होना अनिवार्य है)।
शैक्षणिक योग्यता : छात्र या तो कक्षा 7वीं में पढ़ रहा हो या किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से 7वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुका हो।
चयन प्रक्रिया : तीन चरणों में होगा परीक्षणलिखित परीक्षा: गणित, सामान्य ज्ञान और अंग्रेजी विषयों पर आधारित परीक्षा 7 जून को होगी।
मौखिक परीक्षा (Viva-Voce) : लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का व्यक्तित्व और संचार कौशल जांचा जाएगा।
चिकित्सा परीक्षण : अंतिम चयन से पूर्व सैन्य अस्पतालों में मेडिकल जांच की जाएगी।
महत्वपूर्ण सूचना : इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी और विस्तृत विज्ञापन के लिए हरियाणा सरकार की आधिकारिक वेबसाइट csharyana.gov.in पर जा सकते हैं। समय रहते आवेदन करें ताकि देश के इस ऐतिहासिक संस्थान का हिस्सा बनने का सपना साकार हो सके।

