जनता तो पूछेगी, राज्य ब्यूरो। चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र इस बार लंबा चलेगा। राज्य सरकार की ओर से बजट सत्र का अस्थाई कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। हरियाणा सरकार द्वारा विधानसभा सचिवालय को भेजे गए कार्यक्रम के मुताबिक, बजट सत्र 20 फरवरी से आरंभ होगा और 18 मार्च तक चलेगा। वित्त मंत्री के नाते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी साल 2026-27 के लिए अपना दूसरा बजट दो मार्च को पेश करेंगे। इस बार करीब सवा लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किए जाने की संभावना है।
राज्य सरकार द्वारा जारी इस अस्थाई कार्यक्रम पर विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की 19 फरवरी को होने वाली बैठक में अंतिम मुहर लगेगी। यह कमेटी प्रस्तावित अस्थाई कार्यक्रम में बदलाव भी कर सकती है। फिलहाल, एक दिन में एक ही सीटिंग होने के हिसाब से विधानसभा की कार्यवाही का शेड्यूल जारी किया गया है।
