नवंबर महिने की वृद्धावस्था पेंशन जारी की, दिसंबर की 3 दिन में होगी जारी
जनता तो पूछेगी, राज्य ब्यूरो। चंडीगढ़ : हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन को लेकर उठे विवाद के बीच सरकार ने राहत भरे दो अहम फैसले लिए हैं। अब प्रदेश में हर महीने की 10 तारीख को पेंशन जारी की जाएगी। समाज कल्याण मंत्री कृष्ण बेदी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा कि भुगतान प्रक्रिया को तय तारीख से जोड़ा गया है ताकि लाभार्थियों को इंतजार न करना पड़े।इसके साथ ही जिन करीब 70 हजार बुजुर्गों की पेंशन अस्थायी रूप से रोकी गई थी, उन्हें भी बहाल कर दिया गया है। परिवार पहचान पत्र (PPP) के स्टेट कोऑर्डिनेटर सतीश खोला के मुताबिक नवंबर महीने की रोकी गई पेंशन जारी कर दी गई है, जबकि दिसंबर की राशि अगले दो-तीन दिनों में ट्रांसफर की जाएगी।सरकार ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी हाल में पेंशन भुगतान बंद नहीं किया जाएगा। यदि किसी लाभार्थी के मामले में संदेह हो, तब भी जांच पूरी होने तक पेंशन जारी रहेगी। इसके अलावा 11 फरवरी को सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी का नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। पहले नवंबर 2025 में वृद्धि की घोषणा की गई थी, लेकिन हालिया विवाद के बाद सरकार ने इसे औपचारिक रूप से अधिसूचित कर दिया।
नवंबर में पेंशन होल्ड होना शुरू हुआ था
समाज कल्याण विभाग ने नवंबर में बुजुर्गों की पेंशन होल्ड करना शुरू की। विभाग का तर्क था कि कुछ बुजुर्ग उम्र, आय की गलत जानकारी देकर पेंशन ले रहे हैं। कई पेंशनर्स के परिजन भी पेंशन ले रहे हैं। नवंबर व दिसंबर में करीब 70 हजार बुजुर्गों की पेंशन रोक ली गई।
विपक्ष ने मुद्दा बनाया, धरने-प्रदर्शन शुरू
हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन बहुत ही संवेदनशील मुद्दा है। ऐसे में पेंशन होने की खबर सामने आते ही विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया। मुख्य विपक्ष दल कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों पर धरने-प्रदर्शन का शेड्यूल जारी कर दिया। इनेलो व जजपा ने भी प्रदर्शन घोषित कर दिए। बजट सेशन से पहले घिरता देख सरकार हरकत में आई।
सीएम ने अधिकारियों संग की थी इमरजेंसी मीटिंग
पेंशन को लेकर 11 फरवरी को सीएम नायब सैनी ने एक इमरजेंसी मीटिंग की। जिसमें सेवा विभाग के 3 सीनियर अधिकारी और पेंशन से जुड़े 11 अन्य अधिकारियों को भी बुलाया गया। सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि जब तक वेरिफिकेशन का काम पूरा नहीं हो जाए तब तक किसी भी पेंशन होल्ड नहीं की जाए। सबकी पेंशन जारी की जाए।बढ़ी हुई पेंशन का नोटिफिकेशन जारी किया11 फरवरी को ही सरकार ने सभी तरह की सामाजिक सुरक्षा वाली पेंशन में वृद्धि का नोटिफिकेशन जारी कर दिया। हालांकि सरकार ने नवंबर 2025 में पेंशन में वृद्धि की घोषणा की थी, लेकिन मामला गड़बड़ होता देख अब इसका नोटिफिकेशन जारी किया।
पेंशन रोकने से पहले CM की मंजूरी जरूरी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिया है कि उनकी अनुमति के बिना किसी भी बुजुर्ग की पेंशन न रोकी जाए। यदि किसी लाभार्थी की पात्रता संदिग्ध लगे तो उसे संदेश भेजकर कारण बताया जाए और पक्ष रखने का अवसर दिया जाए। यदि दस्तावेज अधूरे हों तो जमा कराने के निर्देश दें। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं बुजुर्ग के घर जाएं पर भुगतान जारी रखा।
क्या पात्रता के लिए आय सीमा बढ़ाएगी सरकार
अभी हरियाणा में 60 साल से अधिक के वो बुजुर्ग पेंशन के हकदार होते हैं, जिनकी पारिवारिक आय 3 लाख रुपए वार्षिक से अधिक नहीं है। विपक्ष इस आय सीमा को लेकर भी मुद्दा बना रहा है। उनका कहना है कि यह सामाजिक सम्मान भत्ता है। ये पेंशन बुजुर्गों के सम्मान व सामाजिक सुरक्षा के लिए है। यदि परिवार की आय अधिक है तो भी बुजुर्गों को यह पेंशन मिलनी चाहिए। ऐसे में सियासी हलकों में चर्चा है कि बजट सेशन में सरकार आय की सीमा को बढ़ाने पर विचार कर सकती है।
