पुलवामा के शहीदों की स्मृति में 7वें विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन, 30 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान

जनता तो पूछेगी, संवाददाता।भिवानी : पुलवामा के वीर शहीदों की स्मृति और उनके सम्मान में आज शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 7वें विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढकऱ हिस्सा लिया। इस दौरान 30 लोगों ने रक्तदान कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की शुरुआत पुलवामा हमले में शहीद हुए भारत मां के वीर सपूतों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। शिविर के दौरान माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस मौके पर बतौर मुख्यअतिथि म्हारी संस्कृति-म्हारा स्वाभिमान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान कौशिक पहुंचे तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा, समाजसेवी युवा मोनू भगत सिंह, तपस्वी नारायण नाथ, विकास भारद्वाज, दीपक यादव, अशोक कुमार गोलाहेड़ा ने शिरकत की। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को अतिथियों ने बैज लगाकर व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया व उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर हनुमान कौशिक ने कहा कि पुलवामा के शहीदों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। आज उनकी याद में दिया गया आपके रक्त का एक-एक कतरा किसी जरूरतमंद का जीवन बचाकर उन शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि यह सीधे तौर पर मानवता की रक्षा करता है। इस मौके पर शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा व आयोजक युवाओं ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचा सकता है। ऐसे में शहीदों को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही है कि हम किसी जरूरतमंद के काम आए तथा रक्तदान करना उस दिशा में सबसे सराहनीय कार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!