27 जुलाई के महा हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने के लिए जुटे गौभक्त, 20 करोड़ हस्ताक्षरों का लक्ष्य
जनता तो पूछेगी, भगवत कौशिक। भिवानी : गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर देशभर में चल रहे “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत शनिवार को भिवानी में गौभक्तों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 27 जुलाई को आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी महा हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई तथा जन-जागरण अभियान को गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध गौभक्त एवं संत स्वामी रामतीर्थ महाराज ने मुख्य मार्गदर्शक के रूप में भाग लिया। हांसी गेट स्थित चित्रकूट पहुंचने पर गौरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रदीप बंसल, बजरंग दल के गोपाल देवसर, श्रीगौशाला ट्रस्ट के सदस्य नंदकिशोर अग्रवाल, प्राचार्य डी.पी. कौशिक सहित अनेक गौभक्तों ने उनका भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में स्वामी रामतीर्थ महाराज ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। सनातन परंपरा में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है, इसलिए उसे राष्ट्रमाता का संवैधानिक सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठाई।उन्होंने बताया कि आगामी 27 जुलाई को देशभर में महा हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से करोड़ों नागरिकों की भावनाओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इससे पहले 27 अप्रैल को देश की लगभग 5 हजार तहसीलों में आयोजित हस्ताक्षर अभियान में करीब सवा पांच करोड़ लोगों ने भागीदारी की थी।स्वामी रामतीर्थ महाराज ने कहा कि इस बार अभियान का लक्ष्य और भी बड़ा रखा गया है तथा देशभर से 20 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का संकल्प लिया गया है। इसी उद्देश्य को लेकर वे विभिन्न राज्यों और जिलों का दौरा कर गौ सम्मान आह्वान अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
बैठक में उपस्थित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं गौसेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने अभियान को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। वक्ताओं ने कहा कि भिवानी की धरती सदैव गौसेवा, धर्म और राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रही है। आगामी 27 जुलाई को जिले के गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और शहर के प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।बैठक के अंत में उपस्थित गौभक्तों ने गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने, गौ संरक्षण को बढ़ावा देने तथा जन-जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का संकल्प लिया।
JPH NEWS HARYANA “जनता तो पूछेगी”
