जनता तो पूछेगी, संवाददाता।भिवानी – जिला भिवानी में तैनात पुलिस कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार द्वारा आज अपने कार्यालय में एक प्रेरणादायक पहल के तहत सिपाही जयबीर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में भी पूर्ण ईमानदारी, मेहनत, लगन एवं निष्ठा के साथ पुलिस ड्यूटी निभाने के लिए उत्साहित किया।सिपाही जयबीर पुत्र श्री हरि सिंह, निवासी ढाणी माऊ, जिला भिवानी वर्तमान में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी में गार्ड ड्यूटी पर तैनात हैं। उन्होंने इससे पूर्व भारतीय थल सेना की 223 मीडियम रेजिमेंट में लगभग 26 वर्षों तक सराहनीय सेवाएं प्रदान की हैं। सेना में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।वर्ष 2024 में पुलिस विभाग में भर्ती होने के उपरांत सिपाही जयबीर ने प्रारंभिक सेवाएं हिसार में दीं तथा पिछले लगभग पांच महीनों से जिला भिवानी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सैन्य पृष्ठभूमि के अनुरूप उन्होंने पुलिस विभाग में भी उसी जज़्बे, अनुशासन और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है।उल्लेखनीय है कि सिपाही जयबीर ने अब तक अपने सेवाकाल के दौरान एक दिन भी अनुपस्थित नहीं रहे हैं तथा उनके विरुद्ध किसी प्रकार की विभागीय कार्यवाही नहीं हुई है। निरंतर मिशन मोड में कार्य करते हुए उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट आचरण का परिचय दिया है, जो विभाग के लिए गर्व का विषय है।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार ने कहा कि सिपाही जयबीर जैसे कर्मठ और अनुशासित कर्मचारी पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे भी अपनी ड्यूटी को पूर्ण लगन, मेहनत, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निभाते हुए उच्च मूल्यों और चरित्र की स्थापना करें तथा आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ बनाएं।
